

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bhopal-conversion-sex-racket-busted
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित धर्मांतरण, यौन शोषण और देह व्यापार से जुड़े एक हाईप्रोफाइल मामले का खुलासा हुआ है। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की रहने वाली एक ब्यूटिशियन और भोपाल की एक अन्य युवती की शिकायत के बाद पुलिस ने दो बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वे गरीब परिवारों की लड़कियों को झांसे में लेकर उन्हें अमीर युवकों के संपर्क में लाती थीं और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाती थीं।
पुलिस ने भोपाल के बाग सेवनिया थाने में दर्ज एफआईआर के आधार पर अमरीन और आफरीन नाम की दो बहनों तथा चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। तीन अन्य आरोपियों बिलाल, चानू और यासिर की तलाश जारी है।
इंस्टाग्राम चैट से जुड़ीं दोनों पीड़िताएं
मामले का खुलासा तब हुआ जब रविवार (22 फरवरी) रात भोपाल और छत्तीसगढ़ की रहने वाली दो युवतियां बाग सेवनिया थाने पहुंचीं और अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई। दोनों की पहचान इंस्टाग्राम चैट के जरिए हुई थी। एक पीड़िता 21 वर्ष और दूसरी 32 वर्ष की बताई गई है।
मदद के बहाने फंसाने का आरोप
एफआईआर के अनुसार, आरोपी बहनें गरीब घरों की लड़कियों को घरेलू काम के नाम पर अपने पास रखती थीं। उन्हें 10 हजार रुपये महीना देती थीं और लग्जरी लाइफस्टाइल का सपना दिखाकर हाईप्रोफाइल पार्टियों में ले जाती थीं। वहां कथित तौर पर उन्हें प्रभावशाली और अमीर युवकों के संपर्क में लाया जाता था।
पीड़िताओं का आरोप है कि उन्हें शराब और ड्रग्स लेने के लिए दबाव डाला गया तथा अलग-अलग युवकों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर बदनामी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
धर्म परिवर्तन का दबाव
भोपाल की पीड़िता ने आरोप लगाया कि चंदन यादव ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। उसने कथित तौर पर कहा कि इस्लाम अपनाने पर उसकी शादी “अच्छी जगह” करा देगा। पीड़िता का दावा है कि उसे बुर्का पहनने और नमाज पढ़ने के लिए मजबूर किया गया।
मुंगेली की पीड़िता ने बताया कि उसे गुजरात और मुंबई भी ले जाया गया, जहां अलग-अलग आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
मोबाइल फोन जब्त, व्हाट्सएप ग्रुप की जांच
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में अमरीन के फोन में कई संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप और युवतियों की तस्वीरें मिली हैं। पुलिस को देह व्यापार से जुड़े नेटवर्क के संकेत भी मिले हैं। मामले में मानव तस्करी, दुष्कर्म, जबरन धर्मांतरण और आपराधिक धमकी की धाराओं में जांच की जा रही है।
झुग्गी से आलीशान विला तक
जांच में सामने आया है कि आरोपी बहनें पहले अब्बास नगर की झुग्गी में रहती थीं, लेकिन कथित अवैध कमाई के जरिए आशिमा मॉल के पास सागर रॉयल विला में आलीशान मकान में रहने लगीं। पुलिस इस आय के स्रोतों की भी जांच कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
भोपाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पीड़िताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है और यदि इस नेटवर्क से जुड़ी अन्य पीड़िताएं सामने आती हैं तो उन्हें भी कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।