

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bijapur gambling raid 156 arrested 47 luxury cars seized
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुलिस ने जुए के एक बड़े फड़ पर छापेमारी कर 156 लोगों को गिरफ्तार किया है। रायगुड़ा गांव के पास जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा था। इस फड़ में छत्तीसगढ़ के अलावा तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से भी लोग पहुंचे थे।
पुलिस ने मौके से 20 लाख 1 हजार 200 रुपए नकद, 47 कारें और 12 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामला भद्राकाली थाना क्षेत्र का है।
लग्जरी कारों की सूचना पर पुलिस ने बनाई रणनीति
पुलिस के मुताबिक, रायगुड़ा के जंगल में लंबे समय से मुर्गा लड़ाई के नाम पर जुआ संचालित होने की सूचनाएं मिल रही थीं। यहां बड़ी संख्या में लोग जुटते थे। दूसरे राज्यों से भी जुआ खेलने के लिए लोगों के पहुंचने के कारण बड़े स्तर पर जुआ फड़ चलने की जानकारी सामने आई थी।
3 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जंगल में दबिश दी। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर 156 लोगों को पकड़ लिया।
20 लाख कैश और 47 कारें जब्त
मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को 20 लाख 1 हजार 200 रुपए नकद मिले। इसके अलावा जुआ खेलने पहुंचे लोगों की 47 कारें और 12 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में संचालित बड़े जुआ फड़ का खुलासा हुआ है। पुलिस अब मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।