

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-accident youth death falling from roof sirgitti police station
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ अभिलाषा परिसर की तीसरी मंजिल की छत से गिरने के कारण एक 23 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसकी प्रेमिका गंभीर रूप से घायल है। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक दर्दनाक दुर्घटना थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अप्रैल की रात की है। चिरंजीव पांडे (23) और गरिमा सिंह (23), जिनका पिछले 3 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था, अभिलाषा परिसर स्थित EWS कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 34 की छत पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने वहां शराब पी थी और रेलिंग के पास बैठे थे। रात करीब 3 बजे अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों तीन मंजिला इमारत से सीधे नीचे जमीन पर आ गिरे।
हादसा इतना भीषण था कि नीचे गिरते ही चिरंजीव का सिर फट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गरिमा की कमर और रीढ़ की हड्डी टूट गई। देर रात होने के कारण उनकी चीख-पुकार किसी ने नहीं सुनी और दोनों रात भर खून से लथपथ हालत में वहीं पड़े रहे। सुबह करीब 6 बजे जब स्थानीय लोगों ने उन्हें देखा, तब पुलिस को सूचना दी गई।
शुरुआत में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन अस्पताल में होश आने के बाद गरिमा ने पूरी सच्चाई बताई। उसने बयान दिया कि “चिरंजीव नशे में लड़खड़ा रहा था और छत से गिरने लगा था। उसे बचाने की कोशिश में मेरा भी संतुलन बिगड़ गया और हम दोनों नीचे गिर गए।”
अब कभी नहीं चल पाएगी गरिमा
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक चिरंजीव 'चोलामंडलम फाइनेंस' में काम करने के साथ-साथ 'जोमेटो' में डिलीवरी बॉय का भी काम करता था। वहीं गरिमा 'शादी डॉट कॉम' में कार्यरत थी। डॉक्टरों के मुताबिक, गरिमा की रीढ़ की हड्डी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और अब वह कभी चल नहीं पाएगी।
SSP रजनेश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआती जांच और लड़की के बयान के आधार पर यह एक दुर्घटना है, मामले की विस्तृत जांच जारी है।