

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur aghori baba beaten over tantra sadhana at burning pyre viral video
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट पर एक अघोरी बाबा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाबा ने महिला की जलती चिता के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र साधना की। परिजनों ने चिता से महिला का सिर और हड्डियां गायब होने का आरोप लगाया है। घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने बाबा को पकड़कर जमकर पीटा। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। बाबा की पहचान शिवराम बाबा के रूप में हुई है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल बाबा को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
1 नवंबर को महिला ने की थी आत्महत्या
जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को कोनी निवासी अनिता यादव ने आत्महत्या कर ली थी। उसी दिन शाम को परिजनों ने श्मशान घाट में उसका अंतिम संस्कार किया। चिता जलाने के बाद परिजन अपने घर लौट गए थे।
रात में जब परिजन दोबारा चिता देखने श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां शिवराम बाबा के साथ एक बुजुर्ग और दो युवक मौजूद थे। परिजनों को देखकर दोनों युवक मौके से भाग गए, जबकि बाबा और बुजुर्ग को पकड़ लिया गया।
मंत्र पढ़कर चिता पर डाल रहा था शराब की बूंदें
परिजनों का आरोप है कि शिवराम बाबा महिला की जलती चिता के पास तंत्र साधना कर रहा था। वायरल वीडियो में परिजन बुजुर्ग से महिला की हड्डियों के बारे में पूछते नजर आ रहे हैं।
इस दौरान बुजुर्ग ने बताया कि बाबा ने चिता से हड्डियां निकाली थीं, लेकिन उन्हें कहां रखा गया है, इसकी जानकारी उसे नहीं है। बुजुर्ग के मुताबिक, उसे चावल और शराब लाने के लिए कहा गया था। बाबा मंत्र पढ़ते हुए शराब की बूंदें चिता पर डाल रहा था। उसने यह भी कहा कि उसका इस पूरी घटना से कोई लेना-देना नहीं है।
जमीन पर घसीटकर लात-घूंसों से पीटा
चिता से सिर और हड्डियां गायब होने की बात सामने आने के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। आरोप है कि मृतका के पति गुड्डा उर्फ राजकुमार यादव समेत कई लोगों ने बाबा को घेर लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
वायरल वीडियो में लोग बाबा को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान बाबा के मुंह से खून निकलता भी नजर आ रहा है।
सिम्स में भर्ती, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने पर कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवराम बाबा को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल मामले में FIR दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
श्मशान घाट पर हुई इस घटना में एक तरफ महिला की चिता से छेड़छाड़ और हड्डियां गायब होने के आरोप हैं, तो दूसरी तरफ बाबा के साथ हुई मारपीट का वीडियो भी चर्चा में है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।