

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur constable death after kidney stone surgery hospital negligence allegation
बिलासपुर में पथरी के ऑपरेशन के बाद एक आरक्षक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। नाराज परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम एरमशाही निवासी सत्यकुमार पाटले (36) पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे और उनकी ड्यूटी सरकंडा थाना में थी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
बताया गया कि 26 अप्रैल को पेट में तेज दर्द होने पर वे नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल पहुंचे थे। जांच में पथरी की पुष्टि होने पर डॉक्टरों ने ऑपरेशन की सलाह दी। 28 अप्रैल को भर्ती करने के बाद 29 अप्रैल को सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने मरीज की हालत सामान्य और खतरे से बाहर बताई थी।
मृतक के दोस्त आशीष के अनुसार, ऑपरेशन के अगले दिन अचानक सत्या को खांसी की शिकायत हुई, जिसकी जानकारी अस्पताल स्टाफ को दी गई, लेकिन आरोप है कि 4-5 घंटे तक कोई उपचार नहीं किया गया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा। शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही गांव से बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए और आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के चलते एक सामान्य ऑपरेशन के बाद जान चली गई। उन्होंने दोषी डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी एसआर साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल और एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को समझाइश दी।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ऑपरेशन सफल रहा था और मरीज की हालत सामान्य थी। अचानक हार्ट अटैक आने के कारण स्थिति बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।