

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur electricity issue khaparganj power cut je hostage
बिलासपुर। बिलासपुर शहर में बिजली की बदहाल व्यवस्था और विभागीय लापरवाही को लेकर जनता का आक्रोश चरम पर पहुंच गया है। शहर के खपरगंज क्षेत्र में लगातार 8 घंटे तक ब्लैकआउट रहने से परेशान और आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने देर रात सुधार कार्य के लिए पहुंचे जूनियर इंजीनियर (जेई) और उनकी पेट्रोलिंग टीम को बंधक बना लिया। इतना ही नहीं, नाराज लोगों ने अधिकारियों को गलियों में पैदल घुमाकर बिजली व्यवस्था की बदहाली का आइना दिखाया। आखिरकार स्थानीय पार्षद की समझाइश के बाद ही मामला शांत हो सका और अधिकारियों को छोड़ा गया।
खपरगंज क्षेत्र में शाम 6 बजे से बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप थी। बार-बार शिकायत करने के बावजूद घंटों तक विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे परेशान होकर जब कुछ स्थानीय लोग गोलबाजार स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे, तब जाकर रात 11 बजे जूनियर इंजीनियर देवसिंह कंवर अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ मौके पर आए।
फाल्ट देखने के बाद जेई ने दूसरी टीम भेजने की बात कहकर वहां से लौटने का प्रयास किया। यह सुनते ही पहले से ही परेशान नागरिक भड़क गए। उन्होंने टीम को रोक लिया और मौके पर ही तुरंत काम शुरू करने की मांग को लेकर उन्हें बंधक बना लिया। आक्रोशित लोगों ने अधिकारियों को मोहल्ले की गलियों में पैदल घुमाया और करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 1 बजे क्षेत्र की बिजली बहाल हो सकी।
बिजली की यह समस्या केवल खपरगंज तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के अन्य हिस्सों में भी बिजली संकट गहराया हुआ है। मंगला की भाटिया रेसिडेंसी में यहाँ पिछले तीन दिनों से भारी लो-वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है। फ्यूज कॉल सेंटर और हेल्पलाइन नंबर 1912 पर लगातार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
वसंत विहार, राजकिशोर नगर व पटवारी प्रशिक्षण केंद्र, इन क्षेत्रों और इनके आस-पास के इलाकों में दिनभर में 10 से अधिक बार ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती हो रही है, जिससे लोग बेहद परेशान हैं।
जोरापारा इलाके में भी लगातार 6 घंटे तक बिजली गुल रहने के कारण नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इस पूरे मामले पर नेहरू नगर डिवीजन के कार्यपालन यंत्री बीबी. नेताम ने बंधक बनाए जाने की घटना से साफ इनकार किया है। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा"बंधक बनाने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। खपरगंज स्थित 11 केवी लाइन में एक बड़ा फाल्ट आ गया था। सुधार कार्य में देरी होने की वजह से स्थानीय लोग जरूर नाराज हुए थे, लेकिन बंधक बनाए जाने जैसी कोई बात नहीं है।"