

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur ipl satta racket mayor nephew vishal vidhani arrest
बिलासपुर। शहर में आईपीएल मैचों के दौरान संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टा रैकेट का सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान महापौर पूजा विधानी के भतीजे विशाल विधानी और उसके सहयोगी दीपक भक्तानी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार गोवा निवासी मुख्य सरगना राजा अरोरा से जुड़े हैं, जो दुबई से सट्टा नेटवर्क के लिए लिंक उपलब्ध कराता था।

ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़े गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली थी कि उदई चौक स्थित बजरंग मंदिर के पास एक युवक मोबाइल के जरिए आईपीएल मैच पर सट्टा खिला रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश दी, जहां दो युवक मोबाइल पर मैच देखते मिले। पूछताछ में एक ने अपना नाम दीपक भक्तानी बताया। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मैसेज मिलने पर उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया।
विशाल विधानी देता था सट्टा आईडी
पूछताछ में दीपक ने कबूल किया कि वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के मैच पर दांव लगवा रहा था। उसने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से इस अवैध कारोबार में सक्रिय है। सट्टा संचालन के लिए उसे विशाल विधानी आईडी उपलब्ध कराता था और मुनाफे में 8 प्रतिशत हिस्सेदारी लेता था। साथ ही गोवा निवासी राजा अरोरा के नेटवर्क से जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई।
मोबाइल, नकदी और स्कूटी जब्त
दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने विशाल विधानी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चार महंगे मोबाइल फोन, एक सुजुकी स्कूटी और 1.10 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।
व्हाट्सएप और ऐप के जरिए चलता था नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी व्हाट्सएप और विशेष सट्टा ऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। लेन-देन ऑनलाइन और नकद दोनों तरीके से होता था। पुलिस को मोबाइल से सट्टा पट्टी के कई स्क्रीनशॉट भी मिले, जिन्हें आरोपियों ने डिलीट करने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी जांच से उन्हें रिकवर कर लिया गया।
गोवा-दुबई लिंक की जांच तेज
पूछताछ में यह भी सामने आया कि मुख्य सरगना राजा अरोरा गोवा का रहने वाला है, जिससे आरोपियों की मुलाकात दो साल पहले हुई थी। वही दुबई और अन्य स्थानों से सट्टा संचालन के लिए लिंक उपलब्ध कराता था। पुलिस अब इस संगठित गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और जल्द ही गोवा में दबिश देने की तैयारी कर रही है।
कार में घूम-घूमकर सट्टा खिलाते तीन और गिरफ्तार
इसी बीच सिरगिट्टी पुलिस और एसीसीयू टीम ने एक अन्य कार्रवाई में गुम्बर पेट्रोल पंप के पास एक क्रेटा कार में बैठकर सट्टा खिला रहे तीन आरोपियों, रामेश्वर गुप्ता, दीपचंद सोनकर और सीताराम साहू को गिरफ्तार किया।
जांच में उनके मोबाइल में व्हाट्सएप के जरिए सट्टे के लेन-देन के प्रमाण मिले। मौके से पुलिस ने 5.01 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल और करीब 10 लाख रुपये कीमत की क्रेटा कार जब्त की।
सभी आरोपियों को भेजा गया जेल
तीनों आरोपियों ने भी क्रिकेट मैचों पर हार-जीत का दांव लगवाने की बात स्वीकार की। इनके खिलाफ भी छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट और बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान सक्रिय ऐसे सट्टा गिरोहों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।