

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-cm-vishnu-deo-sai-meets-pm-modi-bastar-development-plan
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अहम मुलाकात करने जा रहे हैं। करीब 6 महीने बाद होने वाली इस बैठक को रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, इस मुलाकात का मुख्य फोकस बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के बाद की स्थिति और उसके समग्र विकास पर रहेगा। हालांकि बस्तर में नक्सल प्रभाव काफी हद तक कम हुआ है, लेकिन सुकमा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा जैसे पांच जिलों को अभी आधिकारिक रूप से नक्सलमुक्त घोषित किया जाना बाकी है। इसके लिए केंद्र सरकार की अधिसूचना आवश्यक है, जिसे लेकर मुख्यमंत्री साय प्रधानमंत्री के सामने प्रस्ताव रख सकते हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री साय बस्तर के लिए विशेष विकास पैकेज की मांग भी कर सकते हैं। साथ ही क्षेत्र में शांति स्थापित होने के बाद उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का विस्तृत रोडमैप भी प्रस्तुत करेंगे।
इस बैठक में पुनर्वास केंद्रों में रह रहे बड़े नक्सली नेताओं के भविष्य और उनकी पुनर्वास अवधि को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री साय ने 1 अगस्त 2025 को संसद भवन में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। बजट सत्र के बाद यह उनकी पहली औपचारिक बैठक होगी।
मुख्यमंत्री साय बस्तर में आजीविका मिशन को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रहे हैं। इसके तहत कृषि, पशुपालन, वनोपज, मत्स्य पालन, हस्तशिल्प और सूक्ष्म उद्यमों को जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की योजना है।
साथ ही युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
यह दौरा बस्तर के भविष्य और राज्य के विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, जहां केंद्र और राज्य के बीच समन्वय से बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।