

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur khaparganj violence suhail khan arrested 5 more accused
बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में शुक्रवार देर शाम हुए विवाद, मारपीट और पथराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने एक पक्ष के मुख्य आरोपी सुहैल खान समेत पांच और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुहैल खान को मंगलवार रात पुलिस ने पकड़ा था। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में उनकी भूमिका के साथ-साथ विवाद की पूरी कड़ी को खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। अब स्थिति सामान्य होने के बाद सिटी कोतवाली क्षेत्र में लागू धारा 144 हटाने की तैयारी भी की जा रही है।
आरोपियों का जुलूस निकालने की तैयारी
पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकाले जाने की भी तैयारी की जा रही है। पुलिस इस कार्रवाई के जरिए कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त संदेश देने की तैयारी में है। हालांकि, जुलूस को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
पूरे मामले को लेकर एसएसपी रजनेश सिंह मीडिया को ब्रीफ करेंगे। माना जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस घटना की वजह, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका, अब तक की कार्रवाई और आगे की जांच को लेकर जानकारी साझा कर सकती है।
शुक्रवार शाम विवाद के बाद शुरू हुआ था पथराव
दरअसल, शुक्रवार देर शाम खपरगंज इलाके में दो पक्षों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। शुरुआती कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद की जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
इसके बाद हालात और बिगड़ गए और दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई हिंसा से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पथराव में कुछ पुलिसकर्मियों समेत कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
हालात काबू करने पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। देर रात तक वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे रहे।
एसएसपी रजनेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बिलासपुर बुलाया गया था।
इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर धारा 144 लागू की थी। अब स्थिति सामान्य होने के बाद इसे हटाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
दो अलग-अलग मामलों में अब तक 11 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, खपरगंज की घटना को लेकर दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। अपराध क्रमांक 488/2026 में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में मौला बक्स उर्फ जूब्बू, शेख अजरूद्धीन उर्फ अज्जू, मोहम्मद जाहिद खान, सफीक अहमद उर्फ राजा खान, शकीर उर्फ सोनू, मोहम्मद लाईक, रेहान अली उर्फ ईरानी और मो. जुनैद शामिल हैं।
वहीं, अपराध क्रमांक 489/2026 में पुलिस ने राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव उर्फ रिंकु और छत्रपाल साहू को गिरफ्तार किया है।
इस तरह दोनों मामलों में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, अब सुहैल खान समेत पांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।
पुलिस खंगाल रही घटना से जुड़े इनपुट
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई थी और पथराव में कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस घटना के दौरान मौजूद लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। एसएसपी की मीडिया ब्रीफिंग के बाद मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।