

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-police-constable-reel-action
बिलासपुर। मस्तूरी थाना में पदस्थ एक आरक्षक को पुलिस वर्दी में इंस्टाग्राम पर रील बनाना भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने आरक्षक को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 1372 देवानंद कैवर्त का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह पुलिस यूनिफॉर्म पहनकर अपनी पत्नी के साथ संबलपुरी गाने ‘हलो रानी-हाय रानी’ पर रील बनाते नजर आया। वीडियो सामने आने के बाद विभागीय अधिकारियों ने इसकी जांच की।
जांच में पाया गया कि आरक्षक का यह कृत्य पुलिस विभाग की गरिमा और निर्धारित मापदंडों के विपरीत है। कार्यालय पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने इसे वर्दी का दुरुपयोग और अशोभनीय आचरण मानते हुए सख्त कार्रवाई की।

आदेश जारी कर आरक्षक देवानंद कैवर्त को मस्तूरी थाना से हटाकर रक्षित केंद्र बिलासपुर भेज दिया गया है। साथ ही जिले के सभी पुलिस कर्मियों को सोशल मीडिया का उपयोग करते समय वर्दी की मर्यादा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और वर्दी उसकी गरिमा का प्रतीक है। वर्दी पहनकर निजी गतिविधियां या अनुचित आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।