

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-police-misconduct-sikh-dhaba-owner-allegations-ti-umesh-sahu
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से पुलिसिया बदसलूकी का एक बड़ा मामला सामने आया है। चकरभाठा थाना प्रभारी (TI) उमेश साहू पर एक सिख ढाबा संचालक के साथ मारपीट करने और उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने न केवल उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया, बल्कि उनकी दाढ़ी खींचकर उनका अपमान भी किया।
यह पूरा मामला सोमवार शाम का है। बोदरी निवासी कुशल माखीजा, जो रायपुर रोड पर गुरु नानक ढाबा चलाते हैं, किसी काम से शहर गए हुए थे। इसी दौरान चकरभाठा पुलिस ढाबे पर पहुँची और वहाँ खड़ी एक बिना नंबर की बाइक को जब्त कर थाने ले गई।
जब कुशल माखीजा को इसकी जानकारी मिली, तो वे रात करीब 8:30 बजे वस्तुस्थिति जानने थाने पहुँचे। आरोप है कि जैसे ही उन्होंने टीआई उमेश साहू से बाइक ले जाने का कारण पूछा, टीआई भड़क गए और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित कुशल माखीजा ने अपनी शिकायत में बताया कि टीआई ने बिना किसी अपराध के उनके साथ मारपीट की।आरोप है कि टीआई ने उनकी दाढ़ी खींचकर उनके धार्मिक सम्मान को चोट पहुँचाई। पुलिस ने उनका मोबाइल छीन लिया और उन्हें करीब 4 घंटे तक अपराधियों की तरह रीडर कक्ष में बैठाए रखा। आरोप है कि टीआई ने उन्हें झूठे केस में फँसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी।
मंगलवार को इस घटना की खबर मिलते ही सिख समाज के लोग लामबंद हो गए। कुशल माखीजा ने समाज के पदाधिकारियों मनजीत अरोरा, नितिन छाबड़ा और सोनू गांधी के साथ एसएसपी रजनेश सिंह से मुलाकात की।
सिख समाज ने पुलिस के इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए टीआई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। समाज का कहना है कि किसी भी नागरिक के साथ, विशेषकर धार्मिक प्रतीकों का अपमान करते हुए इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।