

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bilaspur-sbi-cashier-arrested-2-crore-embezzlement
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बैंकिंग घोटाले के एक बड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने स्टेट बैंक की कैशियर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने बैंक रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए का गबन किया। मामला बिल्हा स्थित State Bank of India (SBI) शाखा से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में बिल्हा शाखा के खातों में राशि का अंतर सामने आने पर शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने आंतरिक जांच कराई। जांच में पता चला कि शाखा में पदस्थ कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ की तथा 2.06 करोड़ से अधिक की राशि का गबन किया।
मामला उजागर होने के बाद कैशियर को निलंबित कर रिजनल बिजनेस ऑफिस (RBO) जगदलपुर अटैच किया गया, लेकिन जून 2025 में निलंबन के बाद उसने न तो जगदलपुर में जॉइन किया और न ही बिल्हा शाखा में उपस्थित हुई। इसके बाद से वह फरार चल रही थी।
शाखा प्रबंधक की शिकायत पर Anti Corruption Bureau Chhattisgarh (ACB) ने 19 जनवरी 2026 को आरोपी कैशियर और अन्य के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(1)(A), 13(2) तथा विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
ACB बिलासपुर ने विभागीय जांच रिपोर्ट और अपने स्तर पर जुटाए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। शाखा में मुखबिर भी लगाया गया था।
करीब आठ महीने से फरार चल रही कैशियर के गुरुवार को बिल्हा शाखा आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ACB टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।
ACB अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और गबन की पूरी रकम तथा नेटवर्क की परतें खंगाली जा रही हैं।