

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp appoints new state presidents delhi punjab haryana tripura
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन में एक बड़ा फेरबदल करते हुए चार प्रमुख राज्यों, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा जारी आधिकारिक घोषणा के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली, केवल सिंह ढिल्लों को पंजाब, अर्चना गुप्ता को हरियाणा और अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
दिल्ली: हर्ष मल्होत्रा संभालेंगे कमान
दिल्ली में वीरेंद्र सचदेवा की जगह अब हर्ष मल्होत्रा को भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मल्होत्रा वर्तमान में पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद हैं और केंद्र सरकार में कॉर्पोरेट मामलों और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
पंजाब: कैप्टन अमरिंदर के करीबी केवल सिंह ढिल्लों को जिम्मेदारी
पंजाब में सुनील जाखड़ की जगह केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी गई है। ढिल्लों को राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का बेहद करीबी माना जाता है। पहले कांग्रेस में रहे ढिल्लों 2012 से 2017 तक बरनाला से विधायक रह चुके हैं और जून 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे।
हरियाणा: अर्चना गुप्ता बनीं नई अध्यक्ष, इतिहास में दूसरी बार महिला को कमान
हरियाणा भाजपा में मोहन लाल बड़ौली की जगह सक्रिय नेता अर्चना गुप्ता को राज्य की कमान सौंपी गई है। हरियाणा भाजपा के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है, जब किसी महिला नेता को प्रदेश अध्यक्ष जैसी अहम और बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पेशे से रेडियोलॉजिस्ट अर्चना गुप्ता संगठन में लगातार सक्रिय रही हैं।