

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

bjp-leader-monu-kujur-accused-in-patwari-assault-case-ambikapur
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा तहसील अंतर्गत कंठी हल्का में पदस्थ पटवारी प्रकाश मंडल के साथ कथित रूप से भाजपा नेता मोनू कुजूर द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद जिले भर के पटवारियों में नाराजगी फैल गई है। नाराज पटवारी अब आंदोलन की रणनीति बनाने में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पटवारी प्रकाश मंडल अपने कंठी स्थित कार्यालय में नियमित शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मोनू कुजूर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि मोनू कुजूर ने कार्यालय के भीतर ही पटवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद कार्यालय से बाहर सड़क तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पटवारी जैसे ही बाहर निकले, आरोपित ने डंडे से उनका पीछा करते हुए लगातार पिटाई की। घटना से घबराए पटवारी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे, लेकिन हमलावर ने हमला जारी रखा। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि मारपीट का आरोप झेल रहा मोनू कुजूर उर्फ जितेंद्र, करजी खर्रा का निवासी है और वर्तमान में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा मंडल दरिमा का अध्यक्ष है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पहले भी विवादों में घिर चुका है।
घटना के बाद जिले के पटवारियों में भारी आक्रोश है। पटवारियों ने इसे सिर्फ एक कर्मचारी पर हमला नहीं, बल्कि पूरे राजस्व विभाग की गरिमा पर हमला बताया है। मामले में दरिमा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
पटवारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। गुरुवार को जिले के सभी पटवारी कलेक्टर सरगुजा से मुलाकात कर सुरक्षा और न्याय की मांग करेंगे। उनका कहना है कि दिनदहाड़े सरकारी कर्मचारी पर हमला कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सुरक्षा दोनों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।