

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP Rajya Sabha Candidates 2026
नई दिल्ली। राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों से कई वरिष्ठ नेताओं को राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा है। इस सूची में बीजेपी महासचिव तरुण चुघ को मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि राजस्थान से सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को टिकट दिया गया है।
इसके अलावा हाल ही में बीजू जनता दल छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए देबाशीष सामंतराय को ओडिशा से राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है।
राजस्थान में बड़े चेहरों को नहीं मिला मौका
राजस्थान से राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को इस बार पार्टी ने टिकट नहीं दिया है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राज्यसभा भेजे जाने की चर्चाएं भी थीं, लेकिन उन्हें भी उम्मीदवार नहीं बनाया गया।
राजस्थान की जिन तीन सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें बीजेपी सांसद राजेंद्र गहलोत, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और कांग्रेस सांसद नीरज डांगी का कार्यकाल 20-21 जून को समाप्त हो रहा है।
18 जून को होगा मतदान
राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून 2026 को मतदान होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे। वर्तमान विधानसभा गणित के आधार पर बीजेपी दो सीटें जीतने की मजबूत स्थिति में मानी जा रही है।
सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश
राजनीतिक जानकारों के अनुसार सतीश पूनिया और अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाए जाने के पीछे पार्टी की सामाजिक और क्षेत्रीय रणनीति भी अहम है। पूनिया जाट समुदाय से आते हैं, जबकि अलका गुर्जर गुर्जर समाज का प्रतिनिधित्व करती हैं। ऐसे में बीजेपी आगामी चुनावों को देखते हुए दोनों प्रभावशाली समुदायों को साधने का संदेश देने की कोशिश कर रही है।
दोनों नेता लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और पार्टी के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उनकी उम्मीदवारी को संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
राज्यसभा चुनाव के लिए घोषित इस सूची ने राजस्थान समेत कई राज्यों की राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। बीजेपी की ओर से तीसरे उम्मीदवार के नाम को लेकर भी राजनीतिक हलकों में नजरें टिकी हुई हैं।