

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

brijmohan agrawal action rajim sushasan tihar ranger suspended
राजिम। नगर में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। शिविर में प्राप्त 308 आवेदनों का सात दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि समय-सीमा में समाधान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिविर के दौरान वन विभाग के रेंजर की अनुपस्थिति पर सांसद ने नाराजगी जताते हुए उनके निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित नहीं मिलने पर भी उन्होंने कड़ी फटकार लगाई और इसे जनता के प्रति गंभीर लापरवाही बताया।
कार्यक्रम में दम्मानी कॉलोनी से हाईटेंशन बिजली तार हटाने तथा सेवानिवृत्त पटवारी अजय उपाध्याय की सेवा पुस्तिका गुम होने और पेंशन नहीं मिलने जैसे मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। सांसद ने दोनों मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए एसडीएम रवि सिंह को आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद अग्रवाल ने कन्या शाला और लड़कियों के अखाड़े के लिए 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की। शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र और स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भी स्वीकृति दस्तावेज सौंपे गए।
इस अवसर पर सांसद ने शासकीय हरिहर हाई स्कूल की भूमि स्कूल के नाम दर्ज करने तथा आसपास के अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखीं।
विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवापारा क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों में लगभग 18 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं तथा 2 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।