

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cbse osm marking system row rahul singh himanshu gupta transfer probe panel
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर उठे विवाद के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए बोर्ड अध्यक्ष राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। छात्रों और अभिभावकों की ओर से मूल्यांकन प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, सरकार ने OSM सर्विस की खरीद और इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति का गठन भी किया है। कैपेसिटी बिल्डिंग कमिशन की अध्यक्ष एस. राधा चौहान को इस जांच समिति की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समिति यह जांच करेगी कि सिस्टम की खरीद, चयन और लागू करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या प्रशासनिक चूक हुई है या नहीं।
गौरतलब है कि CBSE ने इस वर्ष पहली बार 12वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम का उपयोग किया था। इसके तहत परीक्षकों ने कॉपियों का मूल्यांकन कंप्यूटर स्क्रीन पर किया। बोर्ड ने 13 मई को 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी किया था।
रिजल्ट घोषित होने के बाद कई छात्रों ने अपेक्षा से कम अंक मिलने और मूल्यांकन में त्रुटियों की शिकायत दर्ज कराई। शिकायतों की संख्या बढ़ने के बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए। अब जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटनाक्रम ने देशभर में CBSE की मूल्यांकन प्रक्रिया और नई डिजिटल प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर बहस तेज कर दी है। छात्रों और अभिभावकों की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।