

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cg board 12th hindi paper leak nsui protest
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 12वीं कक्षा की हिंदी बोर्ड परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने का विवाद सामने आया है। एनएसयूआई ने दावा किया है कि परीक्षा से एक दिन पहले, 13 मार्च की रात हाथ से लिखा हुआ दो पन्नों का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया ग्रुप में वायरल हुआ था। अगले दिन, 14 मार्च को आयोजित हिंदी बी-सेट परीक्षा में वही सवाल पूछे गए, जिससे मंडल की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए।
जानकारी के अनुसार, जीनियस एकेडमी ऑनलाइन नामक व्हाट्सएप चैनल पर किसी महिला ने 15 सवालों का दो पन्नों वाला प्रश्नपत्र साझा किया था। इसके तुरंत बाद कुछ नंबरों से इस पर जवाब भी आए। अगले दिन परीक्षा संपन्न होने के बाद यह पुष्टि हुई कि वायरल पर्चा और परीक्षा का बी-सेट पूरी तरह एक समान था।
एनएसयूआई ने सोमवार को माध्यमिक शिक्षा मंडल का घेराव करने का ऐलान किया है। संगठन के नेता पुनेश्वर लहरे ने कहा कि यह मामला लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
दूसरी ओर, माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने स्पष्ट किया कि 14 मार्च को आयोजित हिंदी परीक्षा के किसी भी सेंटर से कोई शिकायत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट के माध्यम से ही यह जानकारी सामने आई है और यदि छात्र संगठन द्वारा कोई दस्तावेज उपलब्ध कराया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस मामले ने बोर्ड परीक्षा की सुरक्षा और गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।