

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chardham-yatra-2026-gangotri-yamunotri-kedarnath-opening-dates-uttarakhand-pilgrimage-news
उत्तराखंड में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। करीब 10 हजार श्रद्धालुओं की मौजूदगी में जैसे ही कपाट खुले, पूरा वातावरण “हर-हर गंगे” और “जय मां यमुना” के जयकारों से गूंज उठा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
पिछले वर्ष आई धराली आपदा के बाद इस बार चारधाम यात्रा की शुरुआत को विशेष महत्व दिया जा रहा है। देवभूमि उत्तराखंड एक बार फिर देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार नजर आई।
गंगोत्री धाम में मां गंगा की उत्सव डोली भैरव मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद पहुंची और ठीक 12:15 बजे कपाट खोले गए। वहीं, खरसाली से मां यमुना की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची और 12:35 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। दोनों धामों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।
श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश से पहले पवित्र पंचगव्य भी प्रदान किया गया, जिसे आस्था और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है।
इधर, केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर से भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली धाम के लिए रवाना हो गई है। यह डोली सोमवार को गौरीकुंड पहुंचेगी और मंगलवार को केदारनाथ धाम में प्रवेश करेगी। बुधवार सुबह 8 बजे विधिवत रूप से केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
चारधाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड में धार्मिक आस्था और पर्यटन गतिविधियों का नया अध्याय शुरू हो गया है।