

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh 4 new industrial parks manufacturing clusters approved 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय समिति की बैठक में प्रदेश के चार नए औद्योगिक पार्क (मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर) विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
बैठक में राजनांदगांव, धमतरी, जांजगीर-चांपा और बस्तर जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्वीकृति के अनुसार राजनांदगांव जिले में स्पेशल मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर, जबकि धमतरी के पटेवा, जांजगीर-चांपा के धूम्रपाली और बस्तर के नियानार में मल्टी सेक्टर मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किए जाएंगे।
सरकार का कहना है कि इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से निवेश को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर उद्योगों की स्थापना आसान होगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
यह परियोजना केंद्र सरकार की औद्योगिक विकास योजना के तहत लागू की जा रही है, जिसे छत्तीसगढ़ सरकार अपनी औद्योगिक विकास नीति के साथ प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है। विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध स्वीकृति देने और उनके क्रियान्वयन की निगरानी के लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव रोहित यादव, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, ऊर्जा विभाग के सचिव सारांश मित्तर, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की विशेष सचिव इफ्फत आरा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।