

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh assembly new auditorium inauguration excellence awards 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में मंगलवार को आयोजित उत्कृष्टता अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों, स्वस्थ संसदीय परंपराओं और अनुशासित कार्य संस्कृति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विधानसभा जनसेवा का मंदिर है और इसकी गरिमा जनप्रतिनिधियों के आचरण, व्यवहार और विचारों से तय होती है। उन्होंने सभी विधायकों से जनता के प्रति जवाबदेही निभाते हुए प्रदेश के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा प्रदेश के विकास और जनहित के संकल्पों को साकार करने का सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि राज्य की विधानसभा देश की पहली और एकमात्र ऐसी विधानसभा है, जहां गर्भगृह में प्रवेश करते ही निलंबित विधायक स्वतः निलंबित माने जाते हैं। उन्होंने इसे संसदीय अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादा का अनूठा उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र में पत्रकारिता की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और विधानसभा की कार्यवाही तथा जनहित के मुद्दों को निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका होती है।
इस अवसर पर उत्कृष्ट संसदीय कार्य के लिए बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह को उत्कृष्ट विधायक अलंकरण से सम्मानित किया गया। वहीं संसदीय पत्रकारिता में उल्लेखनीय योगदान के लिए दैनिक पत्रिका के संवाददाता संतराम साहू को उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार अलंकरण दिया गया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया श्रेणी में आईबीसी-24 के सौरभ सिंह परिहार और डॉ. राजेश राज को उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रिपोर्टर अलंकरण से सम्मानित किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नवीन विधानसभा भवन के बाद नवनिर्मित प्रेक्षागृह का लोकार्पण विधानसभा के विकास की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्टता अलंकरण केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि संसदीय लोकतंत्र की श्रेष्ठ परंपराओं को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।
समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।