

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-ats-files-1000-page-chargesheet-against-two-minors-in-isis-case
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आतंकी संगठन ISIS से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। छत्तीसगढ़ ATS ने रायपुर से हिरासत में लिए गए दो नाबालिगों के खिलाफ अदालत में करीब 1000 पन्नों का चालान पेश किया है। इस चालान के साथ कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जमा किए गए हैं। मामले में अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
दरअसल, 18 नवंबर 2025 को ATS ने रायपुर से दो नाबालिगों को हिरासत में लिया था। जांच में खुलासा हुआ था कि दोनों किशोर आतंकी संगठन ISIS की विचारधारा से प्रभावित होकर उसके लिए काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले तीन साल से सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकी वीडियो देख रहे थे।
ATS के अनुसार, आतंकी संगठन से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर दोनों नाबालिगों से संपर्क किया था। धीरे-धीरे उन्हें कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रभावित किया गया और उनका ब्रेनवॉश किया गया। जांच में यह भी सामने आया है कि उन्हें भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए उकसाया जा रहा था।
गिरफ्तारी के बाद ATS ने दोनों से लगातार पूछताछ की थी। उनके खिलाफ विधि विरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1967 यानी UAPA के तहत मामला दर्ज किया गया था। विस्तृत जांच के बाद अब ATS ने अदालत में चालान पेश किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों नाबालिग ISIS के पाकिस्तानी मॉड्यूल के संपर्क में आ गए थे। वे उनसे ऑनलाइन चैटिंग कर रहे थे और निर्देश प्राप्त कर रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी संगठन छत्तीसगढ़ में अपना मॉड्यूल तैयार करने की कोशिश कर रहा था।
ATS अधिकारियों के मुताबिक, रायपुर का एक 16 वर्षीय छात्र है, जिसके पिता सुरक्षा बल में कार्यरत हैं। वहीं भिलाई का 15 वर्षीय किशोर है, जिसके पिता ऑटो चालक हैं। दोनों पिछले करीब तीन साल से सोशल मीडिया पर ISIS से जुड़े वीडियो देखते थे। इसके बाद उन्होंने कट्टरपंथी विचारधारा से जुड़े पोस्ट साझा करना शुरू कर दिया था और भारत विरोधी टिप्पणियां भी करने लगे थे।
फिलहाल ATS इस मामले से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान करने और नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।