

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh bjp organizational reshuffle karmveer appointed state general secretary
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद गुरुवार को नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

छत्तीसगढ़ में इस फेरबदल के तहत कर्मवीर को प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अब तक छत्तीसगढ़ संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे पवन साय को झारखंड और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी दी गई है।
शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़ समेत 5 राज्यों का दायित्व
नई व्यवस्था में शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। यानी छत्तीसगढ़ संगठन में अब राष्ट्रीय स्तर पर भी उनका सीधा दायित्व रहेगा।

इसके अलावा भाजपा ने कई अन्य राज्यों में भी संगठनात्मक बदलाव किए हैं। पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा, चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश और पवन साय को झारखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
कौन हैं कर्मवीर?
छत्तीसगढ़ के नए प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में संगठनात्मक जीवन की शुरुआत की थी।
कर्मवीर ने तहसील प्रचारक और नगर प्रचारक के रूप में काम करने के बाद फतेहपुर सीकरी और अलीगढ़ महानगर प्रचारक तथा मथुरा जिला प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद वे एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग के विभाग प्रचारक रहे।

वर्ष 2015 में वे मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक बने और 2019 में ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2020 में वे भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) बने। अगस्त 2022 से वे झारखंड प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें छत्तीसगढ़ संगठन की कमान सौंपी गई है।
पवन साय और अजय जामवाल को नई जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे पवन साय को अब झारखंड की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है।
इससे छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में एक साथ कई प्रमुख चेहरों की जिम्मेदारियां बदली हैं। नई व्यवस्था में कर्मवीर प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि शिवप्रकाश को राष्ट्रीय स्तर से छत्तीसगढ़ समेत पांच राज्यों का दायित्व दिया गया है।

लगातार दूसरे दिन संगठन में बड़ा बदलाव
छत्तीसगढ़ भाजपा में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब एक दिन पहले ही पार्टी ने स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी नियुक्त किया था। इसके अगले दिन संगठन महामंत्री स्तर पर हुए फेरबदल से प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में लगातार दूसरे दिन महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। नई नियुक्तियों के बाद अब छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठन और प्रदेश नेतृत्व के बीच नई जिम्मेदारियों के साथ कामकाज का नया ढांचा देखने को मिलेगा।