

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Congress
दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को दुर्ग में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई से तीन वर्षों में कांग्रेस ने सड़क से लेकर सदन तक सरकार के खिलाफ लगातार संघर्ष किया है और आम जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। उनका दावा था कि कांग्रेस ने इस अवधि में सरकार की नाकामियों को जनता के सामने उजागर किया है।
उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर काम किया गया है। जिला अध्यक्षों से लेकर बूथ कमेटियों और बीएलए (Booth Level Agent) तक की नियुक्तियां कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया गया है।
आगामी विधानसभा सत्र को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल पूरी तैयारी के साथ सदन में उतरेगा। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। उनका आरोप था कि सरकार चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही और प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा सत्र में कांग्रेस की प्राथमिकताओं में नकटी प्रकरण, अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला तथा अन्य जनहित के मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह इन मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाएगी।
प्रदेश में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चोरी, डकैती, लूट और हत्या जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उनका आरोप था कि अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है और उन्हें सरकार का संरक्षण मिल रहा है, जिससे प्रदेश की कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में विभिन्न वर्गों का सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है। डीएड अभ्यर्थियों, संविदा कर्मचारियों, नकटी के ग्रामीणों, हसदेव क्षेत्र में पेड़ कटाई का विरोध कर रहे लोगों तथा बस्तर में बोधघाट बांध का विरोध करने वाले स्थानीय नागरिकों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन जारी हैं। उनके मुताबिक आने वाले समय में सरकार के खिलाफ जनाक्रोश और तेज होगा।
बिलासपुर में सामने आए करोड़ों रुपये के लोहा चोरी के मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब अयोध्या के राम मंदिर में भी चढ़ावे की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, तो सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।