

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur police major reshuffle 2026 dcp ti transfer chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। राज्य के गृह (पुलिस) विभाग और रायपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय द्वारा जारी अलग-अलग आदेशों के तहत तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है, वहीं चार थाना प्रभारियों (TI) की नई पदस्थापना भी की गई है।
गृह विभाग के आदेश के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अब तक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन मध्य) के रूप में कार्यरत तारकेश्वर पटेल को पदोन्नत करते हुए पुलिस उपायुक्त (DCP) जोन मध्य बनाया गया है।
वहीं, बिलासपुर विशेष शाखा में जिला पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत दीपमाला कश्यप का तबादला रायपुर किया गया है। उन्हें पुलिस उपायुक्त (जोन उत्तर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा अर्चना झा, जो अब तक अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय, प्रशिक्षण, डीएसबी, अजाक एवं सीडब्ल्यूसी) के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) का नया प्रभार दिया गया है।
चार थाना प्रभारियों का भी तबादला
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशासनिक आधार पर चार निरीक्षकों (TI) की नई पदस्थापना सूची जारी की है।
नई सूची के अनुसार सतीश सिंह गहरवार को कोतवाली थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राजेश कुमार सिंह, जो अब तक यातायात शाखा में पदस्थ थे, उन्हें आजाद चौक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह पारस राम पटेल को यातायात शाखा से हटाकर सरस्वती नगर थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि नरेंद्र कुमार साहू को गुढ़ियारी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल को रायपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।