

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh employment fair 5000 youth selected 1100 offer letters
रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों को राज्य स्तरीय रोजगार मेला-2026 में बड़ी सफलता मिली है। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में प्रदेशभर से 13 हजार से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया, जबकि विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया के बाद 5 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लगभग 1,100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर सौंपे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर कौशल प्रशिक्षण और उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
925 रोजगार मेलों से 25,845 से ज्यादा युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार युवाओं के सपनों को अवसरों से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेशभर में 925 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया है। इनके माध्यम से 25 हजार 845 से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षणिक डिग्री पर्याप्त नहीं है। युवाओं के लिए व्यावहारिक कौशल और उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण भी जरूरी है। सरकार शिक्षा से कौशल और कौशल से रोजगार तक युवाओं को जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
95 से ज्यादा नियोक्ता संस्थानों ने लिया हिस्सा
राज्य स्तरीय रोजगार मेले में 95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों और विभिन्न कंपनियों ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर करीब 50 स्टॉल लगाए गए थे। यहां युवाओं के दस्तावेज सत्यापन, इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।

मेले में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक सहित विभिन्न शैक्षणिक और व्यावसायिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में पहुंचे।
ई-रोजगार पोर्टल बनेगा ‘स्किल मार्केट’
रोजगार मेले में पंजीयन, आवेदन, उपस्थिति और चयन जैसी प्रक्रियाओं को ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया गया। अब राज्य सरकार इस पोर्टल को आगे ‘स्किल मार्केट’ के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रही है।

इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंपनियों की जरूरत और रिक्त पदों के साथ युवाओं की शैक्षणिक योग्यता और कौशल की जानकारी उपलब्ध होगी। इससे युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी तलाशने में आसानी होगी और कंपनियों को अपनी जरूरत के मुताबिक कुशल कर्मचारी मिल सकेंगे।
रोजगार नहीं मिलने वाले युवाओं को भी सीएम ने दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने उन युवाओं का भी उत्साह बढ़ाया, जिन्हें इस रोजगार मेले में नौकरी नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं को निराश होने की जरूरत नहीं है। सरकार आगे भी रोजगार मेले, कौशल विकास कार्यक्रम और उद्योगों के साथ समन्वय के जरिए नए अवसर उपलब्ध कराती रहेगी।

पॉलिटेक्निक कॉलेजों की गुणवत्ता सुधार पर भी जोर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा तैयार प्रदेश के पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों की थर्ड पार्टी मूल्यांकन रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया।
रिपोर्ट में पॉलिटेक्निक संस्थानों के शैक्षणिक स्तर, प्रशिक्षण व्यवस्था, अधोसंरचना और गुणवत्ता सुधार की संभावनाओं का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के सुझावों के आधार पर संस्थानों के विकास और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है।
तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उनके हुनर को रोजगार और आजीविका के वास्तविक अवसरों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, विधायक सुनील सोनी, विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।