

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-heat-wave-alert-temperature-rise-raipur-imd
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी लगातार अपना रौद्र रूप दिखा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई इलाकों में लू चलने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सबसे अधिक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रहा। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं है और अगले कुछ दिनों तक बारिश के आसार भी नहीं हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 16 अप्रैल से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के हिस्सों में हीट वेव का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात के समय भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत कम मिलेगी।
इन दिनों प्रदेश में शादी-विवाह का सीजन भी चल रहा है, ऐसे में तेज गर्मी का असर समारोहों पर भी पड़ सकता है। दिन के समय होने वाले आयोजनों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विशेषज्ञों ने आयोजकों को ठंडे पानी, पंखे, कूलर और छाया की पर्याप्त व्यवस्था रखने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचने, हल्के कपड़े पहनने और ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की अपील की है, ताकि लू के दुष्प्रभाव से बचा जा सके।