

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh heavy rain flood alert couple dead lightning deaths weather update
रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिसके चलते हादसों का सिलसिला जारी है। तेज बहाव में बहने से कई लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई जगहों पर प्रशासन को अलर्ट जारी करना पड़ा है। सारंगढ़-बिलाईगढ़, गरियाबंद, सक्ती, धमतरी और अन्य जिलों में बारिश का व्यापक असर देखने को मिल रहा है।
लात नाले में बहे दंपती का 4 दिन बाद मिला शव
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 26 जुलाई को लात नाले को पार करने की कोशिश कर रहे दंपती की तलाश चार दिन बाद खत्म हुई। बुधवार को घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली। कार के अंदर पति-पत्नी के शव बरामद किए गए।
जानकारी के मुताबिक, कार सवार पति-पत्नी उफनते नाले को पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी तेज पानी के बहाव में उनकी कार बह गई थी। घटना के बाद से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था।
गरियाबंद में नाला पार करते समय ग्रामीण बहा
गरियाबंद जिले में भी बारिश के कारण हादसा हुआ। सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) सरगी नाला पार करने के दौरान तेज बहाव में बह गया। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे की हालत में था।
काफी तलाश के बाद करीब 5 किलोमीटर दूर खुटेरी गांव के पास उसका शव बरामद किया गया।
सक्ती में झरने के बहाव में बहा युवक
सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र के दमाऊधारा में घूमने आए युवक प्रतीक कंवर (20) की भी तेज बहाव में बहने से मौत हो गई।
दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था। इसी दौरान झरने के तेज पानी में वह बह गया। करीब 24 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार को उसका शव बरामद किया गया।
सिकासार बांध से पानी छोड़ा, पैरी नदी किनारे अलर्ट
लगातार बारिश के बीच गरियाबंद के सिकासार बांध से 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके बाद पैरी नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी रायपुर में भी मंगलवार रात से रुक-रुककर बारिश जारी है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। देवपुरी से लालपुर स्थित फ्रूट मार्केट जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
धमतरी में सोंढूर डैम के सभी गेट खोले गए
धमतरी जिले में भारी बारिश के चलते सोंढूर डैम के सभी गेट खोल दिए गए हैं। जलाशय के कैचमेंट एरिया में तेजी से पानी बढ़ रहा है।
प्रशासन के अनुसार सोंढूर, दुधावा और गंगरेल जलाशयों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोंढूर जलाशय से नियंत्रित तरीके से नहर के माध्यम से पानी दुधावा जलाशय की ओर छोड़ा जा रहा है।
बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत, 11 घायल
प्रदेश में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में तीन ग्रामीणों की मौत
सूरजपुर में एक किसान की जान गई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में एक महिला मजदूर की मौत
इन घटनाओं में करीब 11 लोग घायल भी हुए हैं।
कई गांवों का टूटा संपर्क
बारिश के कारण गरियाबंद जिले के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। छिन्दोला-आमामोरा मार्ग पर खोलापारा नाले का पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है।
इस दौरान एक बाइक सवार ने नाला पार करने की कोशिश की, लेकिन वह गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समय रहते बचा लिया।
जलभराव के कारण आमामोरा, ओढ़, कुकरार और नगरार गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हुआ है।
मौसम विभाग का अलर्ट, अगले दो दिन भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।