

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh high court summer vacation 2026 schedule
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने ग्रीष्मकालीन अवकाश को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, हाई कोर्ट में 18 मई 2026 सोमवार से 12 जून 2026 शुक्रवार तक समर वेकेशन रहेगा। वहीं 15 जून 2026 सोमवार से नियमित न्यायिक कार्य प्रारंभ होंगे।
हाई कोर्ट प्रशासन द्वारा अवकाशकालीन जजों की बैठक, अर्जेंट मामलों की सुनवाई और पुराने मामलों की सूचीबद्धता को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के मुताबिक, गर्मी की छुट्टियों के दौरान भी सभी दीवानी, आपराधिक और रिट याचिका संबंधी मामलों की फाइलिंग जारी रहेगी।
अवकाशकालीन न्यायाधीश सुबह 10:30 बजे से कोर्ट लगाएंगे और जरूरत पड़ने पर कोर्ट समय समाप्त होने के बाद भी सुनवाई जारी रख सकेंगे। यदि समय उपलब्ध रहा तो खंडपीठ के मामलों के निपटारे के बाद एकल पीठ की सुनवाई भी की जाएगी।
नोटिफिकेशन में कहा गया है कि किसी भी आपात स्थिति में अवकाशकालीन जज मुख्य न्यायाधीश की अनुमति से अन्य न्यायाधीशों के साथ कार्यभार का आदान-प्रदान कर सकेंगे।
समर वेकेशन के दौरान हाई कोर्ट की रजिस्ट्री भी खुली रहेगी। रजिस्ट्री शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश छोड़कर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्य करेगी।
इन मामलों की होगी सुनवाई
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान सभी नए रिट, सिविल और आपराधिक मामलों के साथ तत्काल सुनवाई आवेदन देना अनिवार्य होगा। हालांकि नए और लंबित जमानत आवेदनों के लिए अलग से तत्काल सुनवाई आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी और ऐसे मामलों को सीधे सूचीबद्ध किया जाएगा।
जमानत मामलों के अलावा अन्य लंबित मामलों की सुनवाई के लिए तत्काल सुनवाई आवेदन और ग्रीष्मकालीन अवकाश में सुनवाई का आवेदन आवश्यक रहेगा। अवकाशकालीन जजों द्वारा निपटाए नहीं गए मामलों को अगले अवकाशकालीन जजों के समक्ष अलग सूची में रखा जाएगा।
इन तारीखों को होगी सुनवाई
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अवकाशकालीन न्यायाधीश 19, 21, 26 और 28 मई 2026 तथा 2, 4, 9 और 11 जून 2026 को मामलों की सुनवाई करेंगे।