

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Hockey League 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी की नई तस्वीर गढ़ने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाली यह लीग देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग होगी।

हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर इस प्रतियोगिता को पूरी तरह प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। लीग के मुकाबले संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक खेले जाएंगे।
लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। लॉन्चिंग कार्यक्रम में उन्होंने लीग के उद्देश्य और आयोजन की तैयारियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लीग का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से प्रदेश के खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और प्रतिस्पर्धी वातावरण से जुड़ने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
छह टीमें दिखाएंगी दम
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली कुल छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें:
- राजधानी रॉयल्स
- चित्रकूट चैलेंजर्स
- संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
- चक्रधर चैंपियंस
- न्यायधानी नाइट्स
- मैनपाट टाइटन्स
शामिल हैं। इन टीमों के जरिए प्रदेश की अलग-अलग क्षेत्रीय पहचान और खेल प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ होगी लीग की टैगलाइन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के जरिए भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। वहीं आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेशवासियों की निरंतर प्रगति और आगे बढ़ने की भावना का प्रतीक है।
लीग की टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है। छत्तीसगढ़ी बोली में यह टैगलाइन अपनत्व और आमंत्रण का संदेश देती है, जिसका अर्थ है—“चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”
‘बघवा’ होगा लीग का शुभंकर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’ नामक बाघ है। इसे छत्तीसगढ़ के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत के प्रतीक के तौर पर चुना गया है।
‘बघवा’ साहस, शक्ति और निडरता का संदेश देता है। साथ ही यह खिलाड़ियों की जुझारू भावना और मैदान पर अपना दबदबा कायम करने की आकांक्षा को भी प्रदर्शित करता है।
लीग मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल
प्रतियोगिता में सभी छह टीमें लीग चरण के मुकाबले खेलेंगी। इन मुकाबलों के आधार पर अंक तालिका में शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल खेला जाएगा, जिसमें लीग के पहले सीजन की विजेता टीम का फैसला होगा।
मैचों के दौरान सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति हॉकी इंडिया द्वारा की जाएगी। इससे मुकाबलों में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा।
दर्शकों के लिए फ्री एंट्री
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को केवल खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखा जाएगा। टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इससे दर्शकों को रोमांचक हॉकी मुकाबलों के साथ मनोरंजन का भी अनुभव मिलेगा।
सबसे खास बात यह है कि लीग के सभी मुकाबलों में दर्शकों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। ऐसे में बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों और युवाओं के स्टेडियम पहुंचने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश की युवा हॉकी प्रतिभाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। प्रोफेशनल स्तर की इस प्रतियोगिता से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से अनुभव हासिल करने का मंच मिलेगा।