

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vishnu Deo Sai Rakhi
रायपुर। रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में मंगलवार को भाई-बहन के स्नेह, शहादत के सम्मान और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के प्रति आत्मीयता का भावुक दृश्य देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में नक्सली मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की धर्मपत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कलाई पर राखी बांधी।
राखी बांधने के इस आत्मीय क्षण में मुख्यमंत्री साय भावुक हो उठे। उन्होंने कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।”

मुख्यमंत्री के इन शब्दों के बाद कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया। एक ओर माधुरी वर्मा थीं, जिन्होंने प्रदेश और देश की सुरक्षा के लिए अपने जीवनसाथी को खोया, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री साय ने उनकी राखी को केवल रक्षा सूत्र नहीं, बल्कि भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते के रूप में स्वीकार किया।
मुख्यमंत्री साय ने माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। उनके सुख-दुःख, सम्मान और भविष्य की चिंता करना सरकार का दायित्व होने के साथ-साथ समाज का भी आत्मीय कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहन माधुरी ने उन्हें राखी बांधी है, ऐसे में एक भाई के रूप में उनके परिवार के प्रति जिम्मेदारी और भी गहरी हो गई है। उन्होंने शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के जवानों ने अपना आज इसलिए न्योछावर किया, ताकि छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित हो सके। शहीदों की वीरता और उनके परिवारों के त्याग को कभी भुलाया नहीं जा सकता।