

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-industries-environment-action
रायपुर: छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने औद्योगिक इकाइयों में पर्यावरणीय अनुपालन की जांच में गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की है। जनवरी 2026 से अब तक मंडल ने 23 उद्योगों के खिलाफ नोटिस जारी किए हैं। इनमें उरला और सिलतरा औद्योगिक क्षेत्रों के प्रमुख स्पंज आयरन उद्योग, वासवानी इंडस्ट्रीज लिमिटेड, शिल्फी स्टील्स प्रा. लिमिटेड और एसकेएस इस्पात एंड पावर लिमिटेड शामिल हैं।
साथ ही, सारडा एनर्जी मिनरल्स लिमिटेड के खिलाफ बिना अनुमति फ्लाई ऐश डंपिंग करने पर भी नोटिस जारी किया गया।
जारी नोटिसों के बावजूद संतोषजनक सुधार न होने, मंडल की अनुमति के बिना संचालन करने और शिकायतों में प्रदूषण पाए जाने के कारण अब तक 30 उद्योगों के खिलाफ उत्पादन बंद और विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई की जा चुकी है।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि जब तक संबंधित उद्योग सभी पर्यावरणीय मानकों, वैधानिक प्रावधानों और मंडल की शर्तों का पालन सुनिश्चित नहीं करते, तब तक उन्हें संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के मामलों में 13 उद्योगों पर कुल 28 लाख 92 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति भी अधिरोपित की गई है।
छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने उद्योगों को चेतावनी दी है कि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।