

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahasamund-ganja-seizure-225kg-chhattisgarh
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 क्विंटल 25 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिकअप वाहन में तरबूज लोड कर उसके नीचे प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। तस्करी को सुरक्षित बनाने के लिए पिकअप के आगे-आगे एक कार भी चल रही थी, जिसमें बैठे लोग रास्ते पर नजर रख रहे थे।
सिंघोड़ा थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप में बड़ी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की टीम ने एनएच-53 पर रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप और उसके आगे चल रही कार को रोककर तलाशी ली गई। पहले तो आरोपियों ने वाहन में केवल तरबूज होने की बात कही, लेकिन सख्ती से जांच करने पर तरबूज के नीचे छिपा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस को तलाशी के दौरान 9 बोरियों में भरा 2 क्विंटल 25 किलो गांजा मिला। इसके बाद पिकअप और कार में सवार सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजे को ओडिशा के संबलपुर से उत्तर प्रदेश के चित्रकूट ले जा रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में 4 उत्तर प्रदेश और 2 मध्य प्रदेश के निवासी हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई में गांजे के साथ पिकअप वाहन, एक कार और 6 मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 25 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।