

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh-liquor-scam-vikas-agarwal-subbu-dubai-arrest-1200-crore-hawala-network
3200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में दुबई में गिरफ्तार विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू की कहानी छोटे ठेकेदार से 1200 करोड़ रुपए के कथित सिंडिकेट मैनेजर बनने तक पहुंचती है। ईडी और ईओडब्ल्यू की जांच में सुब्बू को शराब सिंडिकेट की अवैध वसूली, कमीशन और हवाला कारोबार की अहम कड़ी बताया गया है। ऐसा आरोप है, कि उसने वसूली की रकम से करीब 1200 करोड़ रुपए हवाला के जरिए दुबई पहुंचाए और जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते विदेश भाग गया। जांच एजेंसियों की गिरफ्त से बचते हुए यूएई के अलग-अलग शहरों में रहने के बाद उसने परिवार को भी वहीं शिफ्ट कर लिया था। उसकी गिरफ्तारी को शराब घोटाले की जांच में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू के बारे में ऐसा कहा जाता है, कि वह नाली और सड़क निर्माण के छोटे ठेके लेता था। कांग्रेस सरकार बनने के बाद होटल कारोबारी अनवर ढेबर से उसकी नजदीकी बढ़ी। ऐसा आरोप है, कि तत्कालीन आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बंगले तक उसकी पहुंच सिंडिकेट के जरिए बनी। शराब कारोबार के पार्ट ए, बी और सी से होने वाली अवैध वसूली और कमीशन का हिसाब सुब्बू ही रखता था। जांच एजेंसी के अनुसार, वसूली की रकम बोरियों और कार्टून में रखी जाती थी। रायपुर के शंकरनगर स्थित पाम बेलाजियो सोसाइटी में दो फ्लैट नकदी छिपाने के लिए खरीदे गए थे। फिलहाल वे मकान बंद हैं। तीन मई को बिलासपुर में उसके भाई कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर की तलाशी में ईडी को बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और नकदी मिली थी। ऐसा आरोप है, कि विकास ने ही इसे छिपाकर रखा था।
ऐसा माना जा रहा है, कि महादेव सट्टा मामले में सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और रवि उप्पल के प्रत्यर्पण प्रयासों के बाद विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी विदेश में छिपे आर्थिक अपराध के आरोपियों पर शिकंजा कसने की तीसरी बड़ी कार्रवाई है। भारत प्रत्यर्पण के बाद शराब सिंडिकेट की वसूली, हवाला नेटवर्क और राजनीतिक-प्रशासनिक संपर्कों को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। इस घोटाले में केके श्रीवास्तव को छोड़कर शेष सारे अरोपी जमानत पर हैं।