

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh mungeli husband affair with transgender wife complaint women commission
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसके पति का एक किन्नर के साथ प्रेम संबंध है, जिसके कारण उसका वैवाहिक जीवन पूरी तरह टूट गया है और पति ने उसे छोड़ दिया है।
पीड़ित महिला ने आयोग को बताया कि पति के इस कथित संबंध की वजह से घर में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। लगातार बढ़ते तनाव और उपेक्षा से परेशान होकर उसने आखिरकार छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया और पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में महिला ने यह भी बताया कि पति ने अलग होने और विवाद खत्म करने के लिए उसे गुजारा भत्ता के रूप में 5 लाख रुपये देने का प्रस्ताव रखा था। यह राशि तीन किस्तों में देने की बात भी कही गई थी।
हालांकि महिला ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उसका कहना है कि उसके पति के पास करीब 10 एकड़ जमीन है और वह हर महीने लगभग 50 से 60 हजार रुपये की कमाई करता है। ऐसे में 5 लाख रुपये का मुआवजा उसे स्वीकार नहीं है। महिला का कहना है कि उसे पैसे नहीं बल्कि न्याय चाहिए।
मामले को गंभीर मानते हुए राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। सुनवाई के दौरान आयोग ने मुंगेली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई में आरोपी पति और संबंधित किन्नर दोनों को हर हाल में आयोग के समक्ष पेश किया जाए।
आयोग का कहना है कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी और पीड़ित महिला को न्याय दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इसी सुनवाई के दौरान एक और मामला सामने आया, जिसमें एक पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध है। महिला का कहना है कि उसी महिला के उकसाने पर उसका पति उसके साथ मारपीट करता है।
इस मामले में दोनों के व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी आयोग के रिकॉर्ड में जमा किए गए हैं। मामले को गंभीर मानते हुए महिला आयोग ने संबंधित पति के निलंबन की अनुशंसा जिला शिक्षा अधिकारी को भेजने का फैसला किया है।
वहीं जिस दूसरी महिला का नाम सामने आया है, उसके पास रहने की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण उसे नारी निकेतन भेजने की बात भी कही गई है।