

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

janjgir-champa-father-drowns-6-year-old-son-in-canal
जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने ही अपने 6 साल के मासूम बेटे को नहर में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया। घटना पामगढ़ थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी रेशम यादव की शादी साल 2018 में हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। आरोपी की शराब की आदत और आए दिन होने वाले विवाद के कारण उसकी पत्नी अपनी दो बेटियों को लेकर मायके ग्राम भिलौनी चली गई थी, जबकि बेटा आयुष पिता के पास ही रह रहा था।
बताया जा रहा है कि रेशम यादव अक्सर पत्नी को फोन कर धमकी देता था कि वह पहले बेटे को मार देगा और फिर खुद भी जान दे देगा। शुक्रवार की शाम 13 मार्च को वह बेटे आयुष को अपने साथ लेकर निकला। इसके बाद 14 मार्च की रात करीब 1 बजे ग्राम भिलौनी के आवास पारा स्थित नहर में उसने बेटे को पानी में डुबोकर मार डाला।
वारदात के बाद आरोपी रात करीब 2 बजे पत्नी के घर पहुंचा और खुद ही बेटे की हत्या करने की बात बताई। पहले उसने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि वह नशे की हालत में साइकिल समेत नहर में गिर गया था, जिससे बेटे की मौत हो गई।
हालांकि पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के वापस घर न आने से वह गुस्से में था और उसी गुस्से में उसने अपने बेटे को नहर में डुबोकर मार डाला।
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।