

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-bhathagaon-bus-stand-bus-theft-helper-arrested
राजधानी रायपुर के भाठागांव अंतरराज्यीय बस स्टैंड से बस चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बस स्टैंड में ही हेल्पर का काम करता था और मौके का फायदा उठाकर बस लेकर फरार हो गया था। करीब 6 दिन की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम मनबोध रात्रे उर्फ टेटू है, जो कोरबा जिले का निवासी है। पुलिस को वह चोरी की बस में सवारी ढोते हुए मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। यह पूरा मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, 6 मार्च की रात बस क्रमांक CG 07 E 0782 के मालिक अब्दुल अलीम ने अपनी बस भाठागांव बस स्टैंड में खड़ी करवाई थी। बस के ड्राइवर ने रात करीब साढ़े सात बजे बस खड़ी करने के बाद हमेशा की तरह चाबी अपनी सीट के नीचे छिपा दी और घर चला गया।
अगली सुबह जब ड्राइवर वापस बस स्टैंड पहुंचा तो बस वहां से गायब थी। इसके बाद बस मालिक ने टिकरापारा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।
बस चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज और बस के फास्टैग की लोकेशन को ट्रेस किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनबोध रात्रे को अकलतरा क्षेत्र के ग्राम तरौंद से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता है और उसे पता था कि कई बस ड्राइवर चाबी सीट के नीचे ही रखते हैं। 6 मार्च की रात बस स्टैंड में सन्नाटा देखकर उसने चाबी उठाई और बस लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की बस बरामद कर ली है।
बताया जा रहा है कि जब बस मालिक अब्दुल अलीम ने चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, तब उन्होंने बस की कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई थी। लेकिन बस बरामद होने के बाद उसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। कीमत में इस बड़े अंतर को लेकर अब कारोबारी की शिकायत पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।