

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh pwd secretary mukesh kumar bansal construction work review instructions
रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए। नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूर्णता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी और अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। बंसल ने अधिकारियों को सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने के निर्देश दिए।
सप्ताह में दो दिन फील्ड में रहेंगे अधिकारी
मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने और प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिले के कलेक्टरों से बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके।
मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने को कहा गया है। साथ ही ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
अक्टूबर तक शुरू हों सभी स्वीकृत कार्य
सचिव ने कहा कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू किया जाए। कार्य शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि सड़कें साफ-सुथरी, सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देनी चाहिए। बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो।
भूमि नामांतरण के प्रकरण एक माह में निपटाने के निर्देश
बंसल ने कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की जांच करने को कहा। भू-अर्जन से जुड़े नए और पुराने प्रकरणों में नामांतरण की कार्रवाई एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों को तत्काल संबंधित विभागों को हैंडओवर करने को भी कहा।
विश्रामगृहों और सर्किट हाउस की व्यवस्था पर भी जोर
बैठक में विभागीय विश्रामगृहों और सर्किट हाउस के संचालन एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। सचिव ने विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई, नियमित रखरखाव और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग की उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।