

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh smart meter news cspdcl updates
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं के बीच बनी असमंजस की स्थिति को दूर करने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने स्थिति स्पष्ट की है। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं।
विद्युत मंत्रालय की ओर से 12 अगस्त 2026 को जारी निर्देश के अनुसार, जहां संचार नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को भारतीय मानकों के अनुरूप स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जानी है। मंत्रालय ने स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य को जारी रखते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
स्मार्ट मीटर से क्या होगा फायदा?
CSPDCL के अनुसार स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को बिजली खपत की अधिक सटीक और पारदर्शी जानकारी मिल सकेगी। उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नजर रख सकेंगे और बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।
भविष्य में स्मार्ट मीटर के माध्यम से Time of Day (ToD) आधारित बिजली दरों का लाभ भी उपभोक्ताओं को मिल सकता है। इसके तहत उपभोक्ता अधिक दर वाले समय में बिजली का इस्तेमाल कम और कम दर वाले समय में इस्तेमाल अधिक कर अपने बिजली बिल को नियंत्रित कर सकेंगे।

कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर से बिजली वितरण कंपनी को भी बिजली खपत का सही लेखा-जोखा रखने में मदद मिलेगी। इससे बिजली वितरण व्यवस्था की निगरानी और कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कई राज्यों में तेजी से चल रहा स्मार्ट मीटर लगाने का काम
केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के निर्देशों के तहत देश के अलग-अलग राज्यों में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इनमें दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु, उत्तर भारत के हिमाचल प्रदेश तथा मध्य भारत के छत्तीसगढ़ और झारखंड सहित अन्य राज्य शामिल हैं।
मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य जारी रखने और इसकी गति बढ़ाने को कहा है।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
CSPDCL ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। कंपनी ने कहा है कि स्मार्ट मीटर से संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता केवल अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें।
---
बैकुंठपुर प्रकरण में स्मार्ट मीटर की रीडिंग सही मिली
बैकुंठपुर में स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में अंतर की जानकारी सामने आने के बाद CSPDCL ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता से जांच कराई। जांच में स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की विसंगति नहीं पाई गई।
जांच के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को चेक मीटर की वास्तविक रीडिंग 2777 यूनिट थी, जबकि इससे पहले 2589 यूनिट दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया कि यह अंतर मैनुअली रीडिंग लेने और डेटा दर्ज करने के दौरान हुई क्लेरिकल अथवा डेटा एंट्री त्रुटि के कारण हुआ था।
27 जुलाई 2026 को चेक मीटर लगाए जाने के समय स्मार्ट मीटर की रीडिंग 5374 यूनिट और चेक मीटर की रीडिंग 2474 यूनिट थी। वहीं 7 अगस्त को स्मार्ट मीटर की रीडिंग 5676 यूनिट और चेक मीटर की रीडिंग 2777 यूनिट दर्ज की गई।
इस अवधि में स्मार्ट मीटर के अनुसार बिजली खपत 302 यूनिट, जबकि चेक मीटर के अनुसार 303 यूनिट रही। यानी दोनों मीटरों की खपत में महज 1 यूनिट का अंतर पाया गया।
रीडिंग की वीडियो रिकॉर्डिंग से भी स्थिति स्पष्ट हुई। जांच में पाया गया कि चेक मीटर की रीडिंग मैनुअल तरीके से ली और दर्ज की जाती है, जिससे मानवीय त्रुटि की संभावना बनी रहती है। इसके विपरीत स्मार्ट मीटर में रीडिंग स्वचालित रूप से दर्ज होती है, जिससे मैनुअल डेटा एंट्री से जुड़ी गलती की संभावना कम हो जाती है।
CSPDCL के मुताबिक, बैकुंठपुर प्रकरण की जांच में स्मार्ट मीटर की रीडिंग और कार्यप्रणाली सही पाई गई। कंपनी का कहना है कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की जानकारी अधिक पारदर्शी और सटीक तरीके से मिल सकेगी।