

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh tourism investment vishnu deo sai hospitality sector 500 crore plan
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अब देश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने, निवेश अनुकूल नीतियों और सरकार की सक्रिय पहल के चलते प्रदेश में पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की संभावनाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटक सुविधाओं के विकास और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में देश की प्रतिष्ठित इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधियों सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कंपनी ने छत्तीसगढ़ में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना साझा की। कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि इस निवेश से राज्य में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सुंदरता, जलप्रपातों, घने जंगलों, पहाड़ों और समृद्ध आदिवासी संस्कृति से भरपूर राज्य है। सरकार का उद्देश्य राज्य की वास्तविक सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि को देश-दुनिया के सामने लाना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने से निवेश की संभावनाएं बढ़ी हैं और आधुनिक सुविधाओं के विकास से छत्तीसगढ़ को आकर्षक पर्यटन गंतव्य बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लगातार निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो रहे हैं और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड की रुचि प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार ने निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया है और सभी आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया गया है।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि यदि कोई निवेशक 500 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करता है या 1000 से अधिक लोगों को रोजगार देता है, तो उसे ‘बी-स्पोक पॉलिसी’ के तहत विशेष प्रोत्साहन और अतिरिक्त लाभ दिए जाएंगे। सरकार पर्यटन क्षेत्र में सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाएं, आधारभूत संरचना और पर्यटक सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
बैठक में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, वित्त सचिव डॉ. रोहित यादव, निवेश आयुक्त ऋतु सेन, सचिव राहुल भगत, उद्योग सचिव रजत कुमार और पर्यटन विभाग सचिव डॉ. एस. भारतीदासन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।