

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

chhattisgarh weather update heavy rain alert raipur bastar monsoon july 2026
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से लगातार हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। खासतौर पर रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बने डीप डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से आज पूरे दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। हालांकि, अगले दिन से मानसून की सक्रियता में कुछ कमी आने की संभावना है।
तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट
पिछले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।
प्रदेश में अब तक सामान्य बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 29 जुलाई 2026 तक प्रदेश में औसतन 544.6 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 470.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। विभाग ने इसे सामान्य श्रेणी की वर्षा बताया है।
इन जिलों में सामान्य बारिश
मौसम वैज्ञानिक गायत्रीवाणी कांचीभोटला के अनुसार बालोद, बलरामपुर, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, कोरिया, मुंगेली, नारायणपुर, रायगढ़, राजनांदगांव, सक्ती और सूरजपुर जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज की गई है।
इन जिलों में सामान्य से अधिक और कम बारिश
बलौदाबाजार, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, महासमुंद, रायपुर और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
वहीं सरगुजा, सुकमा, मोहला-मानपुर-चौकी, मनेंद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी, कोंडागांव, कांकेर, जशपुर, बीजापुर, बेमेतरा और बस्तर जिलों में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।