

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cm vishnu deo sai pays tribute to roopnarayan sinha
रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रहे स्वर्गीय रूपनारायण सिन्हा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सिन्हा का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, संगठन निर्माण और योग के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहा। उनका निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रूपनारायण सिन्हा एक कुशल संगठनकर्ता, सरल, सौम्य और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यशैली और समर्पण से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विशेष पहचान बनाई थी। योग के प्रति उनकी निष्ठा और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उन्हें विशिष्ट बनाती थी।

साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद सिन्हा ने पूरे समर्पण और ऊर्जा के साथ प्रदेश में योग आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने योग को केवल स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए कई नवाचार किए। उनके प्रयासों से प्रदेश में योग गतिविधियों को नई पहचान और व्यापक जनस्वीकृति मिली।

मुख्यमंत्री ने उनके साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए कहा कि हर मुलाकात में रूपनारायण सिन्हा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए योग आधारित नए विचार साझा करते थे। उनकी सोच हमेशा रचनात्मक और जनहितकारी रही। वे योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर सक्रिय रहते थे और इसे अपने जीवन का मिशन बना चुके थे।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम की सफलता में सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। सीमित समय में उन्होंने जिस कुशलता और प्रतिबद्धता के साथ आयोजन को भव्य स्वरूप दिया, वह उनकी संगठन क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण था।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, वन मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर, महापौर मीनल चौबे, रमेश बैस सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, योग साधक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।