

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cuet ug exam delay nta technical glitch ggu bilaspur portal hack
रायपुर। देश में परीक्षाओं में गड़बड़ियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नीट-यूजी (NEET-UG) के पेपर लीक और सीबीएसई के मूल्यांकन विवाद के बाद अब शनिवार को देश की दूसरी सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा सीयूईटी-यूजी (CUET-UG) भी तकनीकी खामियों की शिकार हो गई। शनिवार सुबह 9 बजे से होने वाली पहली पाली की परीक्षा तकनीकी दिक्कतों के कारण दो से ढाई घंटे की देरी से शुरू हुई, जिससे देश भर के केंद्रों समेत छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर में भी भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
शनिवार को पहली पाली की परीक्षा जहां दो घंटे की देरी से शुरू हुई, वहीं दूसरी पाली का पेपर भी एक घंटा लेट रहा। छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर के कई परीक्षा केंद्रों से भी इसी तरह की अव्यवस्था की खबरें आईं। परीक्षा समय पर शुरू न होने से कड़कती धूप में छात्र और उनके अभिभावक परेशान होते रहे। परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश देखा गया।
NTA ने जताया खेद, प्रभावित छात्रों को मिलेगा एक और मौका
इस बड़ी गड़बड़ी के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने तकनीकी दिक्कतों के चलते परीक्षा समय पर शुरू न होने के लिए छात्रों और अभिभावकों से खेद जताया है। एनटीए के मुताबिक, कुल 73,106 पंजीकृत छात्रों में से 69,341 (करीब 95 प्रतिशत) छात्रों ने परीक्षा पूरी की। हालांकि, तकनीकी दिक्कतों के कारण बायोमेट्रिक होने के बावजूद जो 3,765 छात्र परीक्षा पूरी नहीं दे पाए या केंद्र से लौट गए, उन्हें एनटीए परीक्षा का एक और अवसर देगा। इसके लिए जल्द ही तारीखें घोषित की जाएंगी। एनटीए ने तकनीकी सेवा प्रदान करने वाली एजेंसी टीसीएस (TCS) से गड़बड़ी के मूल कारणों का विश्लेषण कर रिपोर्ट मांगी है।
बिलासपुर: गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी का पोर्टल हैक! पेपर लीक और डेटा लीक की आशंका
इसी बीच बिलासपुर से एक और बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बिलासपुर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) के 'समर्थ पोर्टल' में सेंध लगने और पेपर लीक होने का मामला सामने आया है।
क्या है मामला:
विश्वविद्यालय में यूजी-पीजी सहित विभिन्न विभागों की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। इसी दौरान कुछ छात्रों के पास परीक्षा से पहले ही ऐसे प्रश्नपत्र पहुंच गए, जिनके सवाल वास्तविक परीक्षा के प्रश्नों से हूबहू मेल खा रहे थे।
पोर्टल हैक होने की आशंका के बाद करीब 32 विभागों से जुड़े प्रश्नपत्र, परीक्षा परिणाम, शैक्षणिक रिकॉर्ड, छात्रों के पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, अंकसूचियां और पीएचडी प्रवेश परीक्षा से जुड़ी बेहद संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां खतरे में आ गई हैं।
अधिकारियों की आपात बैठक बुलाकर मामले की जांच के लिए प्रो. एस.सी. श्रीवास्तव, प्रो. मुकेश कुमार सिंह, प्रो. खेमचंद देवांगन, प्रो. भारती अहिरवार और टी.पी. सिंह की एक उच्च स्तरीय कमेटी बनाई गई है, जिसे 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
सीयूईटी-यूजी में गड़बड़ी सामने आने के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा “चार परीक्षाएं। एक करोड़ बच्चे। एक भी ईमानदारी से नहीं हो पाई। दावे विश्वगुरु के, मगर देश में एक परीक्षा नहीं करा सकते। मोदी जी ने पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह कर दी है। जिस पीढ़ी का भविष्य आप बर्बाद कर रहे हैं, वही पीढ़ी आपका हिसाब करेगी।”