

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

deepak tandon 56 lakh fraud 8th fir raipur
रायपुर। होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। उसके खिलाफ आठवीं एफआईआर दर्ज हुई है। तेलीबांधा पुलिस ने शनिवार को दो नए मामले दर्ज किए हैं। आरोप है कि कोल माइंस में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी और कोयला परिवहन का ठेका दिलाने का झांसा देकर दो लोगों से कुल 56 लाख रुपये की ठगी की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक टंडन ने पीड़ितों को बड़े अधिकारियों तक पहुंच होने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास में आकर पीड़ितों ने उसे रकम दे दी। लेकिन पैसे लेने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही कोयला परिवहन का ठेका मिला। जब पीड़ितों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने में भी आनाकानी की।
मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। आरोपी ने गारंटी के तौर पर यस बैंक के चेक दिए थे, लेकिन रकम वापस मांगने पर ये चेक भी बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस के अनुसार, कमल विहार में रहने वाला विकास नागले रुद्र सिक्योरिटी एजेंसी में मैनेजर है। उसके साथ भी ठगी किए जाने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
17 नवंबर को रायपुर लाए जाने की तैयारी
अखबार में प्रकाशित जानकारी के मुताबिक, पुलिस आरोपी दीपक टंडन को 17 नवंबर को रायपुर लाने की तैयारी में है। फिलहाल उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जांच जारी है।
लव ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के मामले में भी आया था चर्चा में
दीपक टंडन इससे पहले डीएसपी कल्पना वर्मा को कथित लव ट्रैप में फंसाकर आर्थिक लाभ लेने और ब्लैकमेलिंग के आरोपों को लेकर सुर्खियों में आया था। बिलासपुर में एआई तकनीक से तस्वीरें बदलकर आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने और ब्लैकमेलिंग के आरोप में उसे 9 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था।
अब नौकरी और ठेके के नाम पर कथित 56 लाख रुपये की ठगी के नए मामले सामने आने के बाद दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज एफआईआर की संख्या आठ हो गई है।