

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

dharamlal kaushik mobile snatching accused arrested raipur
रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक धरमलाल कौशिक से मोबाइल छीनने की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देश के गृह मंत्री के प्रदेश दौरे के बीच हुई इस वारदात को पुलिस ने बेहद गंभीरता से लिया और महज आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 7:15 बजे धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार युवक ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्राइम ब्रांच और संबंधित थानों की संयुक्त टीमों को जांच में लगाया गया। पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार जांच और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के करीब आठ घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के राजीव नगर में रह रहा था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी यदा-कदा रैपिडो चलाने का काम भी करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।