

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

donald trump india hell hole statement controversy
वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपने बेबाक और अक्सर विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं, लेकिन पिछले 24 घंटों के भीतर उन्होंने भारत को लेकर जो पलटी मारी है, उसने दुनिया भर के राजनयिकों को हैरान कर दिया है। जिस भारत को ट्रंप ने एक दिन पहले 'नरक' (Hell-hole) की संज्ञा दी थी, उसे ही अब उन्होंने 'महान राष्ट्र' और पीएम मोदी को अपना 'प्रिय मित्र' करार दिया है।
पूरा मामला तब शुरू हुआ जब डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर रेडियो होस्ट माइकल सैवेज के पॉडकास्ट का एक हिस्सा साझा किया। इस पोस्ट में जन्मसिद्ध नागरिकता (Birthright Citizenship) कानून की तीखी आलोचना की गई थी। आरोप लगाया गया कि इन देशों के लोग अमेरिका सिर्फ इसलिए आते हैं ताकि उनके बच्चों को वहां की नागरिकता मिल सके। भारत के लिए 'हेल-होल' (नरक का द्वार) जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। दावा किया गया कि कैलिफोर्निया के टेक सेक्टर में भारतीयों का वर्चस्व है और वे अमेरिकी संसाधनों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।
इस पोस्ट के बाद वैश्विक स्तर पर और अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया। कूटनीतिक दबाव को भांपते हुए ट्रंप ने अगले ही दिन अपने स्वर पूरी तरह बदल लिए। अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता क्रिस्टोफर एल्म्स के अनुसार, ट्रंप ने भारत की प्रशंसा करते हुए कहा- “भारत एक महान राष्ट्र है और इस देश के शीर्ष पर बैठा व्यक्ति (पीएम मोदी) मेरा बहुत अच्छा दोस्त है।”
ट्रंप की इस टिप्पणी को लेकर भारत में राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने एक वीडियो जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने इसे 140 करोड़ भारतीयों का अपमान बताया है। पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री इस अपमानजनक टिप्पणी पर चुप क्यों हैं? कांग्रेस ने मांग की है कि भारत सरकार को अमेरिका के सामने इस मुद्दे पर कड़ा विरोध दर्ज कराना चाहिए।
जानकारों का मानना है कि ट्रंप का यह यू-टर्न सोची-समझी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी मतदाता एक बड़ी ताकत हैं, जिन्हें नाराज करना ट्रंप के लिए चुनावी नुकसान का सबब बन सकता है। साथ ही, भारत के साथ रणनीतिक संबंधों को देखते हुए ऐसे बयानों को सुधारना उनकी मजबूरी बन गया।