

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

durg fake gutkha factory busted 12 detained illegal tobacco seized
दुर्ग। जिले के अंडा थाना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गुटखा निर्माण का भंडाफोड़ किया है। ग्राम कुथरेल और अंडा स्थित दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई के दौरान नकली जर्दायुक्त गुटखा बनाकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग वाशिंग पाउडर बनाने की आड़ में प्रसिद्ध ब्रांड के नकली गुटखे का निर्माण कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और विभागीय अधिकारियों की टीम ने दोनों स्थानों पर दबिश दी। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी अवैध रूप से जर्दायुक्त गुटखा तैयार कर उसकी पैकिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान टीम ने लगभग 10 बोरियों में भरा करीब 60 किलो अवैध गुटखा, तीन पैकिंग मशीनें तथा गुटखा निर्माण में उपयोग की जाने वाली अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए कुछ आरोपी पूर्व में प्रदेश के चर्चित अवैध गुटखा कारोबारी गुरूमुख जुमनानी की गुटखा फैक्ट्री में काम कर चुके हैं।
संयुक्त टीम ने दोनों गोदामों को सील कर दिया है। मामले में अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जब्त गुटखे के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि अवैध गुटखा निर्माण और कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है तथा जल्द ही मामले में और खुलासे हो सकते हैं।