

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

durg rs 739 crore development projects vishnu deo sai
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार 2026 के तहत दुर्ग जिले को 739 करोड़ 38 लाख रुपये के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। दुर्ग के स्वर्गीय झाड़ूराम देवांगन शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने 251 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।
इनमें 362 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 98 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 376 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत वाले 153 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं जिले के विकास को नई गति देंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दुर्ग में सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रशासनिक अधोसंरचना से नागरिक सेवाएं अधिक पारदर्शी, प्रभावी और सुविधाजनक बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रही है और अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने बताया कि यह अभियान 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में जारी रहेगा।

समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन अब कार्यालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों तक पहुंचकर सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। शिविर में ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, महिला समूहों को प्रोत्साहन राशि, छात्रवृत्ति, आवास स्वीकृति सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना और ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है तथा बस्तर अब प्रगति और अवसरों की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, विधायक ईश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।