

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

nia dsp ishaan mehra dies moradabad road accident female friend injured
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में हुए एक भीषण सड़क हादसे में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के डिप्टी एसपी ईशान मेहरा की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के मोहाली निवासी ईशान मेहरा दिल्ली स्थित NIA मुख्यालय में डिप्टी एसपी के पद पर तैनात थे। शनिवार देर रात वह अपनी एक महिला मित्र के साथ बाइक से दिल्ली से उत्तराखंड के बाजपुर जा रहे थे। रास्ते में मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र अंतर्गत देवापुर गांव के पास उनकी बाइक आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईशान मेहरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कंटेनर चालक द्वारा अचानक रफ्तार कम करने या बिना संकेत दिए ब्रेक लगाने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि वीकेंड की छुट्टियों के दौरान ईशान मेहरा अपने एक परिचित से मिलने बाजपुर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही NIA और उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।