

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ggu-holi-celebration-student-fight-bilaspur
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली मिलन समारोह के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी यूनिवर्सिटी में इसी तरह का विवाद हुआ था।
सोमवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। ऑडिटोरियम के सामने तेज साउंड सिस्टम और डीजे की धुन पर छात्र-छात्राएं रंग-गुलाल के साथ डांस कर रहे थे। इसी दौरान कुछ छात्रों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नशे की हालत में कुछ छात्रों ने रंग डालने और कपड़े फाड़ने की हरकत की, जिसके बाद मामला बढ़ गया।
देखते ही देखते दोनों गुट आमने-सामने आ गए और लात-घूंसे चलने लगे। वीडियो में कुछ छात्र एक अन्य छात्र को घेरकर मारते हुए नजर आ रहे हैं। मारपीट होते देख कई छात्र-छात्राएं इधर-उधर भागते दिखे।
इससे पहले यूनिवर्सिटी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के होली मिलन समारोह के दौरान भी विवाद हुआ था। बताया गया कि स्टेज पर चढ़ने को लेकर दो गुटों में कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। कुछ छात्र जबरन मंच पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिसका अन्य छात्रों ने विरोध किया था।
घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। कोनी थाना प्रभारी (टीआई) भावेश शेंडे ने कहा कि यूनिवर्सिटी कैंपस में मारपीट की कोई औपचारिक शिकायत अब तक दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही घटनाओं से यूनिवर्सिटी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।